छठ महापर्व के पावन अवसर पर सुप्रसिद्ध लोक एवं पार्श्व गायिका प्रियंका सिंह की आवाज में भोजपुरी का भावपूर्ण छठ गीत ‘गोदिया में देइ द ललनवा ए छठी मइया’ रिलीज हुआ। सुप्रसिद्ध गीतकार मनोज भावुक के लिखे इस गीत में एक स्त्री की अधूरी अभिलाषा, मातृत्व की लालसा और छठी मइया के प्रति अटूट आस्था को बेहद संवेदनशील अंदाज में अभिव्यक्त किया गया है। गीत के बोलों में एक ऐसी माँ की अरदास है, जो अपने आँगन में बच्चे की किलकारी सुनने और अपनी गोद में ललना खिलाने का सपना देख रही है। इस गीत की खासियत यह भी है कि प्रियंका सिंह इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में छठ महोत्सव में शामिल होकर प्रवासी बिहारियों के बीच अपनी गायिकी के माध्यम से बिहार की लोकसंस्कृति और परंपरा का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। एक ओर ऑस्ट्रेलिया के छठ घाट पर उनकी आवाज छठी मइया की आराधना में गूँज रही है, तो दूसरी ओर उनका यह नया गीत दुनिया भर के भोजपुरी संगीत प्रेमियों तक पहुँच रहा है। यह भोजपुरी लोकसंगीत की बढ़ती वैश्विक पहचान का खूबसूरत उदाहरण है। मनोज भावुक और प्रियंका सिंह की जोड़ी भोजपुरी संगीत जगत में कई यादगार गीत दे चुकी है। मनोज भावुक की संवेदनशील लेखनी और प्रियंका सिंह की सुरीली, भावप्रधान गायिकी का अनूठा तालमेल उनके गीतों को खास पहचान देता है। ग़ज़ल हो, फिल्मी गीत हो या लोकभावना से जुड़े गीत, प्रियंका ने मनोज भावुक के शब्दों के भाव और संवेदना को अपनी आवाज में खूबसूरती से उतारा है। ‘गोदिया में देइ द ललनवा ए छठी मइया’ इसी रचनात्मक साझेदारी की एक और भावपूर्ण प्रस्तुति है। गीत का मुखड़ा- ‘गोदिया में देइ द ललनवा कि चहके अंगनवा नू हो, ए छठी मइया, गूँजे किलकरिया भवनवा कि फुदके होरिलवा नू हो’ – सुनने वालों को सीधे भावनाओं की दुनिया में ले जाता है। गीत के अंतरों में ननिहाल और ससुराल के रिश्तों के जरिए संतान की प्रतीक्षा को बड़ी खूबसूरती से उकेरा गया है। मामा, मौसी, नानी, नाना, चाचा, बुआ, दादी और दादा के पुकारने की कल्पना इस गीत को एक पारिवारिक और सामाजिक विस्तार देती है। गीत का निर्माण रत्नाकर कुमार ने किया है। संगीतकार एवं निर्देशक विनीत शाह हैं। वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के बैनर तले रिलीज यह गीत पारंपरिक छठ लोकभावना को संगीत के सुंदर संयोजन के साथ प्रस्तुत करता है। ऑस्ट्रेलिया में छठ महोत्सव मना रहीं प्रियंका सिंह का नया छठ गीत ‘गोदिया में देइ द ललनवा ए छठी मइया’ वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स से रिलीज Post navigation भजन सम्राट अनूप जलोटा बने ‘आनन्द प्रज्ञा’ ऐप के ब्रांड एंबेसडर CID Fame Daya Shetty Makes His Vertical Series Debut With ‘EK THA KOBRA’